Sunday, June 24, 2012

भारत को इंडिया क्यों कहा जाता है?


भारत को इंडिया क्यों कहा जाता है?
चेतन, वाया ईमेल 

प्राचीन ग्रीक और लैटिन में भारत को सिंधु नदी के पास इलाके से पहचाना जाता था। सिंधु को वे स का लोप करके इंडस बोलते थे। इसी सिंधु से फारसी अरबी में हिन्दू और हिन्द शब्द बने। चीनी भाषा में इसे इन्दु लिखते हैं।

अंग्रेज लोग अपने नाम के आगे लॉर्ड क्यों लगाते थे? जैसे-लॉर्ड डलहौजी, लॉर्ड इरविन। क्या वे खुद को भगवान समझते थे ?
शशांक मेहता mr.shashankmehta@gmail.com
लॉर्ड सामंती युग का शब्द है, जिसका अर्थ स्वामी, प्रभु और मालिक है। हम ईश्वर को भी इस अर्थ में सम्बोधित करते हैं। इंग्लैंड में यह सम्मान का शब्द भी है जैसे लॉर्ड मेयर और लॉर्ड जस्टिस। वहाँ हाउस ऑफ लॉर्ड्स पुराने तालुकेदारों की संस्था है। लॉर्ड डलहौजी वगैरह वैसे ही सामंती नाम थे। पर अब लॉर्ड सम्मानसूचक है और उनका मनोनयन होता है। इंग्लैंड की संसद के उच्च सदन हाउस ऑफ लॉर्ड्स में अब 92 ऐसे सदस्य हैं जिनका सम्बन्ध जमीन्दारी या राजशाही से है। वह परम्परा खत्म हो गई। इस सदन के सुधार का काम चल रहा है और अब एक प्रस्ताव है कि सदन में कुल 450 सदस्य हों, इनमें से 12 लॉर्ड स्पिरिचुअल यानी चर्च ऑफ इंग्लैंड के प्रतिनिधि हों। शेष किसी न किसी रूप में चुने हुए हों।

महात्मा गांधी को क्या कभी आधिकारिक तौर पर राष्ट्रपिता की उपाधि दी गई थी?
जितेन्द्र बामणियां, बाड़मेर
महात्मा गांधी को राष्ट्रपिता की कोई औपचारिक उपाधि नहीं दी गई। यह भी कहना मुश्किल है कि सबसे पहले उन्हें राष्ट्रपिता किसने कहा। हाल में लखनऊ की 10 साल की बच्ची ऐश्वर्या ने सूचना के अधिकार के तहत यह जानकारी मांगी थी, पर इसका जवाब सरकार के पास नहीं है। ऐश्वर्या ने प्रधानमंत्री कार्यालय को चिठ्ठी भेजकर यह सवाल किया था। प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह चिठ्ठी गृह मंत्रालय के पास भेजी। बहरहाल ऐश्वर्या के पास जवाब आया, ऐसी कोई जानकारी दर्ज नहीं। गांधी को पहली बार सम्भवतः 1914 में रवीन्द्रनाथ ठाकुर ने महात्मा कहा था। उन्हें गुजरात में बापू कहते हैं। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस ने 1944 में रंगून के एक भाषण में उन्हें राष्ट्रपिता कहा था। गांधी जी की हत्या के बाद देश के नाम अपने सम्बोधन में जवाहरलाल नेहरू ने कहा, 'हमारे जीवन से रोशनी चली गई और चारों तरफ़ अंधकार छा गया है। मैं नहीं जानता कि मैं आपको क्या बताऊँ और कैसे बताऊँ। हमारे प्यारे नेता, राष्ट्रपिता बापू अब नहीं रहे।'

दुनिया का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन कौन सा है?


दुनिया का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन कौन सा है?
अमन शर्मा, भोपाल
न्यूयॉर्क शहर का ग्रैंड सेंट्रल टर्मिनल दुनिया का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन इस आधार पर माना जा सकता है कि इसमें सबसे ज्यादा 44 प्लेटफॉर्म हैं। इनके साथ 67 ट्रैक जुड़े हैं। ये प्लेटफॉर्म दो मंजिलों पर बने हैं।

मनुष्य ने सोने चाँदी के गहने कब से पहनने शुरू किए?
सुनीता जैन, इन्दौर

गहनों का आविष्कार इंसान ने प्रागैतिहासिक युग में कर लिया था। सबसे पुराने गहने करीब 75000 साल पहले के मिले हैं। पर वे गहने हड्डी, लकड़ी, हाथी दांत या ऐसी ही प्राकृतिक चीजों के होते थे। लगभग सात हजार या उससे कुछ सौ साल पहले सोने और चाँदी को इंसान में खोज लिया था। उसके फौरन बाद ही गहने इन धातुओं के बनने लगे।

क्या कोई ऐसा सरकारी विभाग है, जो प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के लिए काम करता है?
शाहनवाज, बीकानेर
हमारे देश में पर्यावरण और वन मंत्रालय ही प्लास्टिक-जन्य प्रदूषण को रोकने का काम देखता है। मंत्रालय के प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट एंड हैंडलिंग रूल्स 2011 के तहत कई प्रकार के आदेश जारी किए गए हैं। खासतौर से प्लास्टिक बैग्स के बारे में।

सिविल की परीक्षा दे रहा हूं। यदि आई.ए.एस या आई.एफ.एस में चुन लिया जाता हूं तो क्या स्वेच्छा से आई.पी.एस चुन सकता हूं।
जितेन्द्र कुमार, जयपुर
सामान्यतः परीक्षा देने वालों की वरीयता प्रशासनिक सेवा और विदेश सेवा में होती है, पर यदि आप पुलिस सेवा में जाना चाहते हैं तो अपनी पहली वरीयता पुलिस सेवा को दें। अलबत्ता हाल में एक संसदीय समिति ने सिफारिश की है कि भारतीय पुलिस सेवा के लिए अलग परीक्षा की व्यवस्था की जाए।

रॉकेट पश्चिम से पूरब की ओर ही क्यों छोड़ा जाता है ?
राकेश जायसवाल, रायपुर
धरती पश्चिम से पूर्व की दिशा में घूमती है। जब अंतरिक्ष में भेजने के लिए रॉकेट को पूर्व की ओर भेजते हैं तब उसके वेग में धरती के घूमने का वेग भी शामिल हो जाता है। इससे ऊर्जा की बचत होती है और वह आसानी से पृथ्वी की गुरुत्वाकर्षण शक्ति को पार कर लेता है।

राजस्थान पत्रिका में प्रकाशित
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...